सट्टेबाजों और सूदखोरों के सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार: राजेश अग्रवाल सुसाइड केस में 6 रसूखदारों पर FIR दर्ज

सट्टेबाजों और सूदखोरों के सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार: राजेश अग्रवाल सुसाइड केस में 6 रसूखदारों पर FIR दर्ज

बुन्देली न्यूज़,
By -
0
सट्टेबाजों और सूदखोरों के सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार: राजेश अग्रवाल सुसाइड केस में 6 रसूखदारों पर FIR दर्ज
विशेष संवाददाता, छतरपुर
शहर के बहुचर्चित राजेश अग्रवाल आत्महत्या मामले में छतरपुर पुलिस ने एक बड़ी और त्वरित कार्रवाई करते हुए सट्टेबाजों और अवैध रूप से ब्याज का धंधा करने वाले (सूदखोरों) के एक बड़े सिंडिकेट को बेनकाब कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) रजत सकलेचा के कड़े रुख के बाद, मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट और मर्ग जांच की रिपोर्ट के आधार पर शहर के छह नामजद रसूखदार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद से ही छतरपुर के सट्टा बाजार और अवैध ब्याज माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है। कई अन्य सफेदपोश सटोरिए और सूदखोर भूमिगत हो गए हैं।
नए कानून (BNS) के तहत दर्ज हुआ मुकदमा, लगीं गंभीर धाराएं
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत बेहद सख्त रुख अपनाया है। ओरछा रोड थाने के उप-निरीक्षक दीपक कुमार यादव ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) लेखराज मीणा के सीधे दिशा-निर्देशन में मामले की बारीकी से जांच की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ निम्नलिखित गंभीर धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया है:
धारा 108: आत्महत्या के लिए उकसाना (Abetment of Suicide)
धारा 61(2): आपराधिक षड्यंत्र रचना (Criminal Conspiracy)
धारा 351(2): आपराधिक धमकी देना (Criminal Intimidation)
ये हैं नामजद आरोपी
पुलिस ने मृतक राजेश अग्रवाल के सुसाइड नोट को मुख्य आधार बनाते हुए जिन छह आरोपियों को नामजद किया है, वे शहर के रसूखदार चेहरे बताए जा रहे हैं:
रोहित (छोटू) पटेरिया
अनवर खान
शरद अग्रवाल
सुरेश नगरिया
कल्लू कलई
मोनू (दीपक) अग्रवाल
मोबाइल और चैट खोलेंगे सिंडिकेट के गहरे राज
घटना के बाद पुलिस ने मृतक राजेश अग्रवाल का मोबाइल फोन और सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रख लिया था। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (CDR) और व्हाट्सएप चैट को गहराई से खंगाला जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि: "इस मोबाइल में शहर के कई बड़े सट्टेबाजों, खायवालों और अवैध रूप से ऊंचे ब्याज पर पैसे देकर लोगों को प्रताड़ित करने वाले सफेदपोशों के राज दफन हैं। चैट और रिकॉर्डिंग्स के जरिए शहर में सक्रिय एक बहुत बड़े और संगठित सिंडिकेट का खुलासा होने की पूरी उम्मीद है, जिसकी जद में कई अन्य बड़े नाम भी आ सकते हैं।"
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) लेखराज मीणा के सीधे निर्देशन में पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है। थाना प्रभारी और उप-निरीक्षक दीपक कुमार यादव के नेतृत्व में ये टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके संभावित ठिकानों, घरों और ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस प्रशासन का साफ कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
छतरपुर पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की आम जनता और प्रबुद्ध वर्ग द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि शहर को लंबे समय से खोखला कर रहे सट्टा और सूदखोरी के इस काले कारोबार पर ऐसा प्रहार बेहद जरूरी था, ताकि भविष्य में किसी और मासूम को अपनी जान न गंवानी पड़े।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

thanks for visit...!

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!